छत्तीसगढ़

रेलवे का बड़ा झटका! दो दिन तक थम जाएंगी कई लोकल ट्रेनें, गोंदिया-दुर्ग MEMU भी रद्द

यात्रा से पहले संभल जाइए, अचानक कैंसिल हुई ट्रेनों से हजारों यात्रियों की बढ़ सकती है परेशानी

रायपुर। रेलवे ने एक बार फिर यात्रियों को बड़ा झटका दिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में गोंदिया यार्ड पर होने वाले विशेष तकनीकी और इंजीनियरिंग कार्यों के चलते कई लोकल और मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। अचानक लिए गए इस ब्लॉक के कारण रोज सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक गोंदिया यार्ड में पॉइंट और स्विच नवीनीकरण कार्य के लिए 21 मई से दो दिन का विशेष ट्रैफिक एवं इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान कुल 8 घंटे 30 मिनट तक काम चलेगा। इसमें 6 घंटे इंजीनियरिंग कार्य, 2 घंटे सिग्नल और दूरसंचार विभाग की तकनीकी जांच तथा 30 मिनट ओएचई निरीक्षण के लिए तय किए गए हैं।

ब्लॉक के कारण गोंदिया स्टेशन की लाइन नंबर 6 और 7 पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं अप दिशा की ट्रेनों का लाइन 7, 8, 9 और 10 से मेन लाइन में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। इससे कई लोकल ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा।

रेलवे ने जिन ट्रेनों को रद्द किया है उनमें गाड़ी संख्या 68817 गोंदिया-गढ़ा मेमू पैसेंजर, 68818 गढ़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर, 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर और 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें 22 और 23 मई 2026 को रद्द रहेंगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 68724 गोंदिया-दुर्ग मेमू पैसेंजर भी प्रभावित रहेगी। हालांकि रेलवे की ओर से इस ट्रेन को लेकर विस्तृत वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी अभी जारी नहीं की गई है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, क्योंकि तकनीकी कार्यों के चलते अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव संभव है।

Related Articles

Back to top button