क्राइमछत्तीसगढ़

रायपुर: बच्ची के साथ पति की हैवानियत देख पत्नी का फूटा गुस्सा, साड़ी से घोंटा गला… फिर रची ऐसी कहानी कि पुलिस भी रह गई हैरान

रायपुर। अभनपुर क्षेत्र में एक चौकीदार की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पूरी कहानी ने चौंका दिया। पुलिस पूछताछ में महिला ने पति की हत्या करने की बात कबूल की है। महिला के मुताबिक, उसने अपने पति को अपनी ही बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करते हुए देखा था, जिसके बाद गुस्से में उसने साड़ी के पल्लू से उसका गला घोंट दिया।

तालाब किनारे मिला था चौकीदार का शव

मामला अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो छांटा तालाब का है। 4 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे तालाब के मालिक शैलेन्द्र देवांगन ने पुलिस को सूचना दी कि तालाब के पास रहने वाले चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव तालाब किनारे पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की जांच के दौरान गले और कान के नीचे चोट के निशान मिले। पुलिस को मामला सामान्य मौत का नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पत्नी पर हुआ शक, पूछताछ में खुला राज

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने हत्या की पूरी कहानी बताई।

महिला ने बताया कि उसका पति तालाब में चौकीदारी करता था और शराब पीने का आदी था। वह अक्सर उसके चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था।

रात में जो देखा, उसके बाद उठाया खौफनाक कदम

महिला के मुताबिक, 3 अगस्त की रात वह लघुशंका के लिए मैदान की ओर गई थी। वापस लौटने पर उसने अपने पति को कथित तौर पर अपनी ही बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करते देखा।

यह देखकर महिला अपना आपा खो बैठी। गुस्से में उसने अपनी पहनी हुई साड़ी के पल्लू से पति का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद शव बाहर रखा, फिर खुद को बताया बेखबर

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद महिला ने पुलिस से बचने के लिए पति के शव को घर के बाहर तालाब किनारे रख दिया। इसके बाद वह घर के अंदर चली गई और दरवाजे की ढीली सिटकिनी में हाथ डालकर बाहर से दरवाजा बंद कर लिया।

महिला सुबह होने का इंतजार करती रही। सुबह तालाब के पास लोगों की आवाजाही शुरू होने की संभावना को देखते हुए उसने अंदर से दरवाजा खटखटाना और आवाज लगाना शुरू किया।

गांव के मनीराम साहू ने आवाज सुनकर गेट खोला। इसके बाद महिला घटना से अनजान होने का नाटक करते हुए रोने लगी। मामले की जानकारी गांव के सरपंच और कोटवार को दी गई। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने तिजियाबाई सिदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Back to top button