बीजापुर में ‘बारूदी जाल’ का पर्दाफाश! सुरक्षाबलों ने 17 IED बरामद कर माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम की
बीयर बॉटल से प्रेशर कुकर तक… जंगल में छिपे विस्फोटक देख दंग रह गए जवान

बीजापुर में ‘बारूदी जाल’ का पर्दाफाश! सुरक्षाबलों ने 17 IED बरामद कर माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम की
बीजापुर। Chhattisgarh के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के ग्राम नीलमड़गु की ओर चलाए गए सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान जवानों को जमीन में प्लांट किए गए 17 आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद हुए।
बरामद विस्फोटकों में 16 बीयर बॉटल आईईडी और एक 5 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के इरादे से इन बारूदी सुरंगों को प्लांट किया था।
डिमाइनिंग टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय
बीडीडी (बम डिस्पोजल) टीम ने बेहद सतर्कता के साथ डिमाइनिंग ऑपरेशन चलाया। सभी आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया। यदि समय रहते इन विस्फोटकों का पता नहीं चलता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्लास्टिक ड्रम में छिपा था ‘साजिश का सामान’
सर्चिंग के दौरान जवानों को जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री भी मिली। जब्त सामान में रस्सी, फ्लेक्सिबल वायर, मल्टीमीटर, आयरन सोल्डरिंग रॉड, वायर कटर, एम-सील, 1.5V AAA पेंसिल बैटरियां, डीसी मोटर, माओवादी वर्दी, मैगजीन पाउच, दवाइयां और माओवादी साहित्य व पाम्फलेट शामिल हैं।
लगातार जारी है ऑपरेशन
सुरक्षाबलों का कहना है कि इलाके में सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नक्सलियों की किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए जवान पूरी तरह सतर्क हैं।
घने जंगलों के बीच छिपा यह ‘बारूदी जाल’ एक बार फिर दिखाता है कि खतरा कितना गहरा था—लेकिन समय पर मिली सफलता ने संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया।

