100 नशेड़ियों की थाने में परेड! नशे पर लगा ब्रेक या शुरू हुई नई सजा?
खैरागढ़ पुलिस ने अपराध रोकने के लिए अपनाई अनोखी तरकीब, नशेड़ियों से लिखवाया निबंध और दी कड़ी चेतावनी

खैरागढ़ जिले में बढ़ते अपराधों ने पुलिस-प्रशासन की नींद उड़ा दी है। चोरी, चाकूबाजी और स्मगलिंग जैसी घटनाओं ने हालात को बिगाड़ दिया है। ऐसे में अब पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है और नशे व अपराध पर नकेल कसने के लिए सख्त अभियान चला रही है।
बुधवार को खैरागढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वाले करीब 100 नशेड़ियों को पकड़कर थाने में परेड कराई। यही नहीं, सभी से नशे के दुष्प्रभावों पर निबंध लिखवाकर चेतावनी भी दी गई।
इसी दौरान सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान करने वाले 25 लोगों पर कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने साफ कहा है कि खैरागढ़ को नशामुक्त बनाने की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और अब जिले में अपराधियों व नशेड़ियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू होगी। पुलिस की इस कार्रवाई ने अपराधियों और नशे के कारोबारियों को कड़ा संदेश दे दिया है कि खैरागढ़ में अब अपराध की कोई जगह नहीं।


