छत्तीसगढ़

प्रेमी की मौत के दो दिन बाद प्रेमिका ने उठाया खौफनाक कदम, सूरजपुर की घटना ने सभी को झकझोरा

सड़क हादसे में प्रेमी की मौत के बाद गहरे सदमे में थी 20 वर्षीय युवती, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। करंजी चौकी क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती ने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती अपने प्रेमी की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद गहरे सदमे में थी। प्रेमी की मौत के महज दो दिन बाद युवती द्वारा यह कदम उठाए जाने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

दो दिन पहले सड़क हादसे में हुई थी प्रेमी की मौत

पुलिस के अनुसार, युवती का प्रेम संबंध वीरपाल नामक युवक से था। करीब दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में वीरपाल की मौत हो गई थी। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद युवती बेहद शांत रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रही थी।

रविवार को उसने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी

करंजी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि शुरुआती जांच में युवती के प्रेमी की मौत के बाद मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गांव में पसरा मातम

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और युवक की अचानक मौत ने युवती को गहरा मानसिक आघात पहुंचाया था।


यदि आप या आपका कोई परिचित गहरे मानसिक तनाव, शोक या निराशा से गुजर रहा है, तो उसे अकेला न छोड़ें। परिवार, दोस्तों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से मदद लेना बेहद जरूरी है। समय पर मिला भावनात्मक सहयोग कई बार जीवन बचा सकता है।

 

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button