कबीरपंथ की शक्ति से शांत है छत्तीसगढ़… CM साय का बड़ा बयान, नक्सलवाद पर भी किया निर्णायक ऐलान
दामाखेड़ा संत समागम में 75 लाख की घोषणा, बोले— 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का होगा अंत

रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसे देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विकास के साथ-साथ सामाजिक और आध्यात्मिक मूल्यों को भी मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय रविवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संत समागम समारोह की अनुदान राशि 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की, जिससे श्रद्धालुओं और कबीरपंथी समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री ने पंथ उदित मुनि नाम साहेब और पंथ प्रकाश मुनि नाम साहेब को चादर एवं श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दामाखेड़ा का संत समागम हर वर्ष और अधिक भव्य होता जा रहा है, जो लोगों की बढ़ती आस्था का प्रतीक है।
सीएम साय ने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में व्यापक प्रभाव है, यही कारण है कि यहां के लोग शांतिप्रिय और सहिष्णु हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं बचपन से कबीरपंथ से परिचित रहे हैं और उनके गांव बगिया में भी 8–10 कबीरपंथी परिवार निवास करते हैं।
उन्होंने दामाखेड़ा का नाम “कबीर धर्मनगर” किए जाने को लेकर जानकारी दी कि इसका राजपत्र में प्रकाशन हेतु अंतिम चरण की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है।
इसी मंच से मुख्यमंत्री साय ने नक्सलवाद को लेकर बड़ा और निर्णायक बयान दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बाधा बने नक्सलवाद का 31 मार्च 2026 तक समूल नाश कर दिया जाएगा। सरकार अपने हर वादे को तेजी से पूरा कर रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक अद्भुत और अलौकिक रहा। उन्होंने बताया कि कबीरपंथ समाज द्वारा वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति और युवा उत्थान जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री साय की सराहना करते हुए कहा कि वे कबीर आश्रम के विकास कार्यों को लेकर सदैव गंभीर रहते हैं और शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हैं।
कार्यक्रम को खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल एवं भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी संबोधित किया।
समारोह में पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने मुख्यमंत्री का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया और बताया कि इस वर्ष बसंत पंचमी के अवसर पर कबीरपंथ के 16वें वंशाचार्य पंथ उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि इस बार देश-विदेश से बड़ी संख्या में संत और अनुयायी दामाखेड़ा पहुंचे हैं और शासन-प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला है।



