गर्व की बात… पालतू बिल्ली की सर्जरी कराने विशाखापट्टनम से कोंडागांव पहुंची महिला, डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक दिया काम को अंजाम…
कोण्डागांव। कोण्डागांव से उपचार के लिए विशाखापटनम जाने के किस्से अक्सर सुने होंगे, लेकिन इसके उलट सुनने को मिले तो आश्चर्य होगा ना, लेकिन हकीकत में ऐसा ही हुआ है. विशाखापट्टनम की एक पशु प्रेमी ने अपनी पालतू बिल्ली का उपचार कराने कोण्डागांव पशुचिकित्सालय में पहुंची.
विशाखापट्टनम निवासी पशु प्रेमी के साई अंकिता ने अपनी पालतू बिल्ली का पशु चिकित्सालय कोण्डागांव में शल्यक्रिया द्वारा अंडाशय एवं गर्भाशय को निकालकर नसबंदी का ऑपरेशन कराया गया. के साई अंकिता ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया और रिश्तेदार के जरिए कोण्डागांव पशु चिकित्सालय में किए गए कई सफल शल्यक्रियाओं की जानकारी मिली थी, जिसकी वजह से उन्होंने अपनी बिल्ली की सर्जरी कोण्डागांव में करवाने का निर्णय लिया.
अंकिता ने बताया कि बिल्ली की सर्जरी के लिए उन्होंने डॉक्टर से संपर्क कर समय लिया. इस शल्यक्रिया को डॉ. ढालेश्वरी एवं डॉ. दीपिका सिदार ने सफलतापूर्वक सम्पन्न किया. सर्जरी के दौरान पशु परिचारक गौ कुमारी और पल्लवी पटेल ने सहयोग किया.
सफल सर्जरी के लिए संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, रायपुर और कलेक्टर दीपक सोनी ने टीम को बधाई दी. कोण्डागांव पशु चिकित्सालय प्रभारी डॉ. नीता मिश्रा ने बताया कि सीमित संसाधन में हमारी टीम द्वारा क्षेत्र के पशुपालकों को निरंतर श्रेष्ठ पशुचिकित्सा एवं उन्नत पशुपालन हेतु सेवाएं दी जारी हैं. इस सफल सर्जरी के लिए उपसंचालक डॉ. शिशिरकांत पांडे ने पूरी टीम को बधाई दी.



