GUJRAT: गुजरात के जूनागढ़ में बारिश से तबाही का मंजर: सैकड़ों कच्चे मकान ढहे, कई जानवरों की मौत; कई इलाके अब भी जलमग्न
गुजरात: गुजरात और दिल्ली में भारी बारिश की वजह से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। गुजरात के दक्षिण और सौराष्ट्र क्षेत्रों के कई जिलों में शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश हुई। इससे शहरी इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और बांधों और नदियों में बढ़ते जलस्तर के बीच गांव अलग-थलग पड़ गए। वहीं, जूनागढ़ शहर में शनिवार को चार घंटे में 10 इंच बारिश हुई थी। इससे शहर में बाढ़ आ गई थी। हालांकि, अब बारिश बंद हो गई और रविवार को चारों तरफ तबाही के निशान दिखाई दे रहे हैं। जूनागढ़ आज भी बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के एलजी और गुजरात के सीएम से हाल-चाल जाने।
अमित शाह ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से बात की। इस दौरान हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति के बारे में जाना। वहीं,दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना से भी यमुना नदी के जलस्तर को लेकर चर्चा की। शाह ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पर्याप्त संख्या में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीमें उपलब्ध हैं।
जूनागढ़ में मूसलाधार बारिश से हालात काफी बिगड़ गए हैं। गलियों में पानी इतनी तेज रफ्तार से बह रहा है कि घरों में फंसे लोग बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। रस्सी और सीढ़ी के सहारे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। वहीं, शनिवार को हुई तेज बारिश जूनागढ़ के कई इलाकों के लिए आफत बनकर बरसी। शहर के दुर्वेशनगर, गणेश नगर, जोशीपारा समेत कई इलाकों के सैकड़ों कच्चे मकान ढह गए। यहां एक मंजिला मकान पूरी तरह से डूब गए थे, जिससे घरों का पूरा सामान बर्बाद हो गया है। बाढ़ की चपेट में आए सैकड़ों जानवरों के शव भी मिले हैं।

