छत्तीसगढ़

BJP Manifesto: भाजपा का घोषणा पत्र: अमित शाह कल लांच करेंगे भाजपा का घोषणा पत्र, प्रदेश कार्यालय में होगा आयोजन

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में भाजपा के घोषणा पत्र का लांचिंग डेट फाइनल हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेंगे। सत्‍ता में वापसी के लिए पार्टी इस बार बड़ी घोषणाएं कर सकती है।प्रदेश भाजपा कार्यालय के अनुसार पार्टी का घोषणा पत्र कल (3 नवंबर) जारी होगा। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री शाह रायपुर आ रहे हैं। यहां प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शाह घोषणा पत्र लांच करेंगे। इस कार्यक्रम में शाह के साथ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित पार्टी के अन्‍य वरिष्‍ठ नेता मौजूद रहेंगे।

बता दें कि 15 साल तक प्रदेश में राज करने के बाद 5 साल पहले छत्‍तीसगढ़ की सत्‍ता से बाहर हुई भाजपा वापसी के लिए पूरी ताकत लगा रही है। ऐसे में पार्टी का घोषणा पत्र भी खास होने की उम्‍मीद की जा रही है। जानकार कर रहे हैं कि जिस तरह पार्टी ने इस बार टिकट वितरण में अपने पुराने मापदंडों को किनारे कर दिया उसी तरह घोषणा पत्र में भी भाजपा कुछ चौकाने वाली घोषणाएं कर सकती है।

सूत्र बता रहे हैं कि भाजपा महंगाई से राहत दिलाने की दिशा में गैस सब्सिडी के साथ ही कांग्रेस की तरह बिजली बिल माफ और रियायती आवास और गरीब कल्‍याण की योजना सहित अन्‍य बड़ी घोषणाएं कर सकती है। भाजपा भी धान की कीमत, धान उत्‍पादक किसानों के साथ ही प्रदेश के करीब 40 लाख से ज्‍यादा किसानों को खेती में रियायत और आर्थिक रुप से मजबूत बनाने के लिए नई योजना की घोषणा कर सकती है। उल्‍लेखनीय है कि भाजपा ने घोषणा पत्र तैयार करने के लिए समिति का गठन किया था। दुर्ग सांसद और पाटन सीट से प्रत्‍याशी विजय बघेल को इस समिति का संयोजक बनाया गया था। घोषणा पत्र बनाने के लिए समिति ने प्रदेश के लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में गई इसके साथ ही विभिन्‍न वर्गों के लोगों से सीधा संवाद भी किया।

इधर, कांग्रेस अब तक अपना घोषणा पत्र जारी नहीं की है, लेकिन अलग-अलग मंचों से कांग्रेस की तरफ से 17 घोषणाएं की जा चुकी है। इसमें किसानों और महिला स्‍व-सहायता समूह की कर्ज माफी, रसोई गैस पर 500 रुपये की सब्सिडी, बिजली बिल हाफ सहित अन्‍य घोषणाएं शामिल हैं। माना जा रहा है कि भाजपा का घोषणा पत्र जारी होने के तुरंत बाद ही कांग्रेस भी अपना घोषणा पत्र जारी कर देगी। इसके बाद प्रदेश का चुनावी माहौल और गरमा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button