देश

Bihar Politics: नीतीश कुमार की अचानक सक्रियता से बिहार में ठंड में भी बढ़ी राजनीतिक गर्मी

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा के अंदर महिलाओं को लेकर विवादित बयान देने से पहले और विवादित बयान देने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुछ समय के लिए सक्रिय राजनीति से गायब हो गए थे। दिसंबर 2023 में तो एक समय ऐसा भी आया जब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) के मुखिया चिराग पासवान सहित पटना से लेकर दिल्ली तक कई नेता नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति पर ही सवाल उठाने लगे थे, लेकिन विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस और अन्य दलों द्वारा अपनी अनदेखी से नाराज नीतीश कुमार ने अचानक अपनी सक्रियता इतनी बढ़ा दी है कि सब हैरान रह गए।

पिछले 25 दिनों में नीतीश कुमार ने अपनी राजनीतिक सक्रियता को बढ़ाकर पार्टी और सरकार को फिर से पूरी तरह से अपने कब्जे में ले लिया। पहले राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाकर स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, फिर ललन सिंह सहित उनके सभी करीबियों को हटाकर राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अपनी नई टीम बनाई।

नीतीश कुमार ने शनिवार, 20 जनवरी को पार्टी और सरकार से जुड़े दो अहम फैसले लेकर बिहार में सभी राजनीतिक दलों और प्रशासनिक अधिकारियों को यह भी संदेश दे दिया कि बात चाहे पार्टी की हो या सरकार की, असली बॉस नीतीश कुमार ही हैं।

शनिवार को बतौर जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की जो अपनी नई टीम में बनाई है, उसमें नीतीश कुमार ने न केवल पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के करीबियों को हटा दिया बल्कि दिल्ली में बैठकर जेडीयू की राजनीति करने वाले केसी त्यागी को राजनीतिक सलाहकार और प्रवक्ता बनाकर एक बड़ा संकेत भी दे दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button