बीजापुर BIG BREAKING: वोटिंग के दौरान आईईडी ब्लास्ट, सर्चिंग में निकले जवान के पैर-हाथ में चोट, यूबीजीएल फटने से जवान घायल, सीएम बोले-जवान खतरे से बाहर

बीजापुर :बस्तर लोकसभा में वोटिंग के दौरान बीजापुर में यूबीजीएल सेल फटने से सीआरपीएफ का जवान जख्मी हो गया है। बताया जा रहा है कि यूबीजीएल का सेल एक्सीडेंटली फट गया। घायल जवान का प्राथमिक उपचार जारी है। घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया जाएगा। घायल सीआरपीएफ जवान मतदान केंद्र की सुरक्षा में आउटर कोर्डेन में तैनात था। यह घटना बीजापुर के उसूर थानाक्षेत्र के गलगम इलाके की है। एसपी जितेंद्र यादव ने की पुष्टि की है।
वहीं, बीजापुर के भैरमगढ़ थाना इलाके के चिहका में आईईडी ब्लास्ट हो गया। इसमें एरिया डॉमिनेशन पर निकले CRPF-62/E के असिस्टेंट कमांडेंट मनु एचसी को बाएं पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। CRPF जवान चिहका पोलिंग बूथ के आसपास के दायरे में एरिया डॉमिनेशन के लिए निकले थे।
इससे पहले बीजापुर में पोलिंग बूथ से 5 सौ मीटर दूर ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ। जिसमें एक जवान को चोट आई है। उसूर थाना इलाके के गलगम में CRPF-196 बटालियन के जवान एरिया डॉमिनेशन पर निकले थे। इसी दौरान UBGL सेल ब्लास्ट होने से एक जवान को चोट आई है। जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के बाद सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि बस्तर लोकसभा में जारी मतदान के बीच बीजापुर में UBGL ब्लास्ट होने से मतदान केंद्र की सुरक्षा में लगे एक जवान के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। घायल जवान के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है। जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
नक्सलियों ने जगह-जगह लगाए बैनर-पोस्टर
बस्तर लोकसभा सीट पर सुबह से ही मतदान चल रहा है। वहीं, सुकमा जिले के अतिसंवेदनशील क्षेत्र और नक्सली कमांडर हिड़मा के पैतृक गांव पूवर्ती में सन्नाटा पसरा है। हाल ही में सुरक्षा बलों ने यहां कैंप खोला है। इस लिहाज से भी यह काफी अहम बूथ है। भास्कर की टीम जिला मुख्यालय से 80 से 100 किलो मीटर का सफर तय कर पूवर्ती के लिए निकली तो जगह-जगह नक्सली बैनर-पोस्टर लगे मिले, जिसमें चुनाव बहिष्कार की बातें लिखी हैं। वहीं, पूवर्ती गांव में सन्नाटा पसरा है। गांव में एक भी ग्रामीण नहीं मिला। सभी घरों में ताले लटक रहे हैं। अतिसंवेदनशील क्षेत्र होने की वजह से सिलगेर में बूथ को शिफ्ट किया गया है।




