कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अत्याचार, भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़ बना दिया था, हाय पैसा-हाय पैसा करते थे कांग्रेसी- विष्णुदेव साय

रायपुर/वाड्रफनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बलरामपुर के वाड्रफनगर में चुनावी सभा में कांग्रेस और भूपेश बघेल पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए कितनी दुर्भाग्य की बात है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हमारे बेटे-बेटियों को जुआ-सट्टा की लत लगाई. महादेव सट्टा एप को निर्बाध रूप से चलाने के लिए 508 करोड़ रुपए प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा और एफआईआर भी दर्ज हुआ. पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अत्याचार, भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़ बना दिया था.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में वादे तो बड़े-बड़े किये थे पर एक भी पूरा नहीं किया. इसके उलट पूरी कांग्रेस को लगा कि अभी सरकार में बैठे हैं तो कहीं से बस पैसा मिल जाए. सिर्फ हाय पैसा-हाय पैसा यही किया. दारू की दुकान में दो कैश काउंटर बना दिए, एक कैश काउंटर का हिसाब सरकार के पास था, और एक कैश काउंटर का हिसाब सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के पास था.
विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने न केवल रेत और डीएमएफ घोटाला किया, बल्कि अपनी महत्वाकांक्षी योजना नरवा गरवा घुरवा बाड़ी का गोबर भी खा गए. आज कितने ही कांग्रेसी नेताओं के ऊपर न केवल एफआईआर है, बल्कि बहुत से जेल की चक्की पीस रहे हैं. बड़े-बड़े अधिकारी जिन्होंने भ्रष्टाचार में सरकार का सहयोग किया, उन्हें डेढ़-डेढ़ साल से जमानत नहीं मिल रही है. ऐसी कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में खाता भी नहीं खोलने देना है.
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की मांग थी कि प्रदेश में एक आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया जाए. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह मांग भी पूरी कर दी है. एक आदिवासी के बेटे को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा है. इसलिए हम सबका भी फर्ज है कि आगामी 7 मई को कमल छाप पर बटन दबाकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में अपना महती सहयोग प्रदान करें.
विष्णु देव साय ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं. उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं. शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी. 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया. 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के दूसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है. हर महीने के पहले सप्ताह को किश्त की राशि दे दी जाएगी, ये भरोसा मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दिलाया.

