Haryana Election 2024 Result Live: हिसार-अंबाला में कांग्रेस को बढ़त, कुरुक्षेत्र में भाजपा के नवीन जिंदल आगे*

Haryana Lok Sabha Election Results 2024 Live Updates: हरियाणा की 10 लोकसभा व एक उपचुनाव सीट के लिए डाले गए मतों की गिनती के लिए कुल 91 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। जानें पल-पल के अपडेट…
लाइव अपडेट
03:46 PM, 04-JUN-2024
सीएम नायब सैनी के बूथ पर भी पिछड़ गई भाजपा
अंबाला लोकसभा की नारायणगढ़ विधानसभा में सीएम नायब सिंह सैनी के गांव में भी कांग्रेस प्रत्याशी को अधिक वोट मिले हैं। सीएम के पैतृक गांव मिर्जापुर माजरा का बूथ नंबर 122 में मतदान केंद्र बनाया गया था। इस बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी वरुण चौधरी को 450 वोट मिले हैं तो भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को 364 मतों से संतोष करना पड़ा। गौरतलब है कि गांव में सैनी और एससी समाज के लाेगों के वोट सर्वाधिक हैं। वहीं सीएम के प्रभुत्व वाली पूरी नारायणगढ़ विधानसभा की बात करें तो कांग्रेस को 68465 मत मिले हैं तो भाजपा को 49224 मत मिले।
03:42 PM, 04-JUN-2024
जजपा के विधायक देवेंद्र बबली के बूथ पर जजपा को एक भी वोट नहीं मिला
टोहाना विधानसभा क्षेत्र से जजपा विधायक और पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के बूथ नंबर 154 पर कुल 318 वोट पोल हुए थे। इसमें से बीजेपी को 67 तथा कांग्रेस को 243 वोट मिले और जेजेपी प्रत्याशी रमेश खटक को यहां एक भी वोट नहीं मिला। यानी खुद पूर्व मंत्री ने भी अपनी पार्टी के प्रत्याशी को वोट नहीं दिया। यहां कांग्रेस को 176 वोट से जीत और जजपा को 243 वोट से हार मिली है। इसी तरह पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के बूथ नंबर 143 पर कुल 886 लोगों ने मतदान किया था। इसमें से भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर को 375 तथा कुमारी सैलजा को 470 वोट मिले हैं। यहां भी तंवर को 95 वोट से हार का सामना करना पड़ा है।
03:08 PM, 04-JUN-2024
विज और मंत्री असीम गोयल की विधानसभा में पिछड़ रही बंतो
अंबाला में अभी तक सभी विधानसभाओं में मतों की गणना जारी है। अभी तक पूर्व गृहमंत्री अनिल विज की विधानसभा अंबाला छावनी और परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल के विधानसभा क्षेत्र अंबाला सिटी में बंतो कटारिया काफी पिछड़ती दिख रही हैं। अंबाला सिटी विधानसभा में 14 चरण की मतगणना हो चुकी है। 14वें चरण में बंतो काे 2877 मत तो कांग्रेस से वरुण चौधरी को 5572 मत प्राप्त हुए। अभी तक कांग्रेस के वरुण को कुल 604408 मत मिले हैं जबकि भाजपा से बंतो कटारिया को 571098 मत प्राप्त हुए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी वरुण 33310 मतों से आगे चल रहे हैं।
03:05 PM, 04-JUN-2024
जजपा विधायक देवेंद्र बबली के हलके से सैलजा को मिली 48411 वोटों की लीड
पूर्व पंचायत मंत्री एवं जजपा से फायर ब्रांड विधायक देवेंद्र सिंह बबली के विधानसभा क्षेत्र टोहाना से इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी कुमारी सैलजा को 48411 वोटों की लीड मिली है। यहां पर 61 फीसदी वोट कुमारी सैलजा के पक्ष में गए हैं। टोहाना में 25 मई को डाले गए कुल 1,66,202 वोटों में से कुमारी सैलजा को 1,01,572 वोट मिले हैं जबकि भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर को 53,161 वोट हासिल हुए हैं। वहीं, जिस पार्टी से देवेंद्र बबली फिलहाल विधायक हैं, उस जजपा पार्टी के प्रत्याशी रमेश खटक को टोहाना से मात्र 915 वोट मिले हैं। जजपा प्रत्याशी से ज्यादा वोट तो इनेलो के संदीप लोट व बसपा के लीलूराम आसाखेड़ा ने प्राप्त किए हैं। इनेलो के संदीप लोट को 3522 जबकि बसपा के लीलूराम को 3269 वोट हासिल हुए हैं।
02:47 PM, 04-JUN-2024
रोहतक से सातवें राउंड के बाद कांग्रेस के दीपेंद्र 1,53,094 वोटों से आगे
रोहतक। लोकसभा सीट रोहतक से सातवें राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र ने 153,094 वोटों की बढ़त ले ली है। वहीं, निवर्तमान सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी डाॅ.अरविंद शर्मा 195687 वोटों के साथ काफी पीछे चल रहे हैं।


