छत्तीसगढ़

Hindi Diwas 2024 : 14 सितंबर को ही क्यों मनाते हैं हिंदी दिवस? जानें इसका इतिहास और महत्व

Hindi Diwas 2024 : हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने यह निर्णय लिया कि हिन्दी केन्द्र सरकार की आधिकारिक भाषा होगी। क्योंकि भारत मे अधिकतर क्षेत्रों में ज्यादातर हिन्दी भाषा बोली जाती थी इसलिए हिन्दी को राजभाषा बनाने का निर्णय लिया और इसी निर्णय के महत्व को प्रतिपादित करने तथा हिन्दी को प्रत्येक क्षेत्र में प्रसारित करने के लिये वर्ष 1953 से पूरे भारत में 14 सितम्बर को प्रतिवर्ष हिन्दी-दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वतन्त्रता प्राप्ति के बाद हिन्दी को आधिकारिक भाषा के रूप में स्थापित करवाने के लिए काका कालेलकर, हजारीप्रसाद द्विवेदी, सेठ गोविन्ददास आदि साहित्यकारों को साथ लेकर व्यौहार राजेन्द्र सिंह ने अथक प्रयास किये।

हिंदी दिवस का महत्व

हिंदी देश की एकता और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। संविधान में हिंदी को प्रमुख स्थान दिया गया है और इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने की बात कही गई है। हिंदी देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों के बीच बात चीत करने की प्रमुख भाषा है। हिंदी दिवस का महत्व हिंदी भाषा को बढ़ावा देने में है।

यह दिवस हमें हिंदी की विरासत की याद दिलाता है। भारत में हिंदी साहित्य का भी बहुत बड़ा योगदान है। प्राचीन काल से लेकर आधुनिक समय तक हिंदी साहित्य ने समाज को दिशा दी है। कबीर, तुलसीदास, प्रेमचंद, महादेवी वर्मा और अन्य लेखकों और कवियों ने हिंदी साहित्य को समृद्ध किया है।

हिंदी दिवस मनाने का उद्देश्य

हिंदी दिवस मनाने का उद्देश्य हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना और इसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। युवाओं को हिंदी के महत्व और उसके साहित्य से परिचित कराना है। हिंदी के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करना है।

हिंदी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा के प्रति गर्व महसूस कराना है। सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में इस दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसमें हिंदी साहित्य, कविता, और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है।

 

अमित शाह ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज देशवासियों को हिंदी दिवस की बधाई दी है। सभी को शुभकामनाएं देते हुए अमित शाह ने वीडियो के जरिए एक संदेश भी दिया है। राजभाषा के रूप में हिंदी भाषा को सेलिब्रेट करने का यह दिन हर भारतीय के लिए खास है। अमित शाह ने इस दिन की महत्ता बताते हुए समस्त देशवासियों को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी और कहा कि सभी भारतीय भाषाएँ हमारा गौरव भी हैं और विरासत भी, जिन्हें समृद्ध किये बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते। राजभाषा हिंदी का हर भारतीय भाषा के साथ अटूट रिश्ता है। इस साल हिंदी भाषा ने देश की राजभाषा के रूप में जनसंवाद व राष्ट्रीय एकता के 75 वर्ष पूरे किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button