आज दिल्ली को मिलेगा नया सीएम, मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी आतिशी
नई दिल्ली: अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आज दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। आज शनिवार को आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी सीएम पद का शपथ लेंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को शाम 4:30 बजे राज निवास में होगा और साथ ही उनका मंत्रिपरिषद भी शपथ ग्रहण करेगा। इससे पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आतिशी को मनोनीत सीएम बनाया गया था।
कांग्रेस की शीला दीक्षित और भारतीय जनता पार्टी की सुषमा स्वराज के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। मिली जानकारी के मुताबिक आतिशी के साथ पांच कैबिनेट मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। जानकारी अनुसार सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत शपथ ले सकते हैं। वहीं 26 और 27 सितंबर को दिल्ली सरकार ने 2 दिन का विधानसभा सत्र भी बुलाया है।
दिल्ली की तीसरी महिला सीएम होंगी आतिशी
आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले भाजपा की सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। सुषमा स्वराज का कार्यकाल काफी छोटा रहा था। लेकिन शीला दीक्षित 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं थीं।



