केरल के कन्नूर में एक करोड़ और 267 गोल्ड बॉन्ड की चोरी मामले में बड़ा खुलासा; पड़ोसी निकला मास्टरमाइंड

कन्नूर पुलिस आयुक्त अजित कुमार ने बताया कि आरोपी के घर से 1.21 करोड़ रुपये और 300 सोने के सिक्के बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने घर में बिस्तर के नीचे एक गुप्त कंपार्टमेंट बनाया था। यहीं वह चोरी का सामान रखता था। सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट सबूतों से पुलिस को इस मामले में सफलता मिली।
जांच के दौरान, फिंगरप्रिंट्स का मिलान अन्य मामलों से एकत्र किए गए समान सबूतों से किया गया। पुलिस को मालूम चला कि फिंगरप्रिंट्स एक साल पहले कीचेरी में हुई एक अनसुलझी चोरी से मेल खाता है। व्यापारी के आवास पर चोरी 20 नवंबर को हुई थी। आरोपी ने 40 मिनट के भीतर चोरी को अंजाम दिया था। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को चोरी के अगले दिन उसी घर में लौटते हुए देखा गया। उसने सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने का प्रयास किया। उसने एक कैमरे को हटा कर दूसरी जगह लगाई, इस दौरान उसका चेहरा कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गया।
चोरी के दौरान आरोपी अपना एक उपकरण घटनास्थल पर छोड़ गया था और उसे लेने के लिए वह 21 नवंबर को वापस घर में घुसा। पूछताछ के दौरान उसने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बाद में उपकरण भी जब्त कर लिया। बता दें कि चोरी तब हुई जब चावल व्यापारी अशरफ और उनका परिवार 19 नवंबर को तमिलनाडु के मदुरै में एक शादी में शामिल होने गया था। 24 नवंबर को वापस लौटने पर उन्हें अपने घर में चोरी का पता चला। इस मामले की जांच के लिए विशेष दल का गठन किया गया था।



