कहीं आप भी तो नहीं खा रहे जहरीले यूरिया वाली चीनी? 5 सेकंड में घर पर ऐसे करें जांच

आजकल खाने-पीने के सामानों में काफी मिलावट हो रही है। बता दें कि दूध से लेकर फल—सब्जियों तक में मिलावट हो रही है। इसी तरह से चीनी भी हर घर में रोजाना इस्तेमाल होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि चीनी में भी मिलावट होती है?
ऐसे में आपको भी पता होना चाहिए कि आप जो चीनी खा रहे हैं, वो नकली हैं या असली। मिलावटी चीनी खाने से आपकी सेहत को बहुत नुकसान हो सकता है।
चीनी में ऐसे होती है मिलावट:
क्या आपको पता है कि बाजार में शुद्धता के नाम पर बिक रही चीनी में पानी, मिटटी, विभिन्न तरह के केमिकल्स, ग्लूकोज और सिरप की मिलावट की जाती है। इससे चीनी की गुणवत्ता खराब हो जाती है और वो सेहत के लिए हानिकारक बन जाती है। अब आप सोच रहे होंगे कि चीनी में मिलावट की पहचान कैसे करें। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने एक तरीका बताया है, जिससे आप घर बैठे चीनी की पहचान कर सकते हैं कि वह असली है या नकली।
चीनी में यूरिया सहित इन चीजों की मिलावट:
चीनी में कई घातक केमिकल्स के अलावा चौक पाउडर, यूरिया, वाशिंग सोडा और प्लास्टिक क्रिस्टल आदि की मिलावट की जाती है। चौक पाउडर, यूरिया को चीनी के क्रिस्टल में मिलाया जाता है जबकि यूरिया, वाशिंग सोडा को चीनी पाउडर में मिलाया जाता है। चीनी में मिक्स किया जाने वाला यूरिया कई अंगों पर खतरनाक प्रभाव डालता है। शरीर में यूरिया की मात्रा बढ़ने से किडनी डैमेज होने का रिस्क है। इसी तरह चाक पाउडर भी आपकी किडनी और पाचन तंत्र को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। वाशिंग सोडा का सेवन नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे उल्टी, मतली और दस्त हो सकते हैं।
कैसे करें मिलावटी चीनी की पहचान:
खाने-पीनी की चीजों की गुणवत्ता पर नजर रखने वाली देश के सबसे बड़ी संस्था एफएसएसएआई ने चीनी में यूरिया की मिलावट पहचाने का एक आसान तरीका बताया है, जो आपके काम आ सकता है। इससे आप सिर्फ कुछ सेकंड में असली-नकली चीनी की पहचान कर सकते हैं।
—एक चम्मच चीनी लें और एक गिलास पानी में डाल दें।
—चीनी को अच्छी तरह घोल लें।
—चीनी के पानी को सूंघकर देखें।
—अगर इसमें अमोनिया की स्मेल नहीं आ रही, तो कोई मिलावट नहीं है।
—अगर अमोनिया की स्मेल आ रही है, तो समझ लो इसमें यूरिया मिक्स है।



