छत्तीसगढ़

ट्रेन से गिरा और फिर लौट न सका… ITBP का वीर बेटा तुलेश उर्वशा देश के लिए हो गया अमर

ट्रेन हादसे में घायल हुए जवान ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, 8 माह की बेटी को छोड़ गया पीछे; डारागांव में गमगीन माहौल, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई


बालोद, 14 जुलाई 2025
देश की सेवा करते हुए भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान तुलेश उर्वशा ने शहादत पा ली। डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम डारागांव निवासी 32 वर्षीय जवान, ट्रेन हादसे में घायल होने के बाद जिंदगी की जंग हार गए। सोमवार सुबह जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरा डारागांव गम में डूब गया। नम आंखों और सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

जानकारी के अनुसार, तुलेश उर्वशा दिल्ली में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद जालंधर स्थित अपनी यूनिट लौट रहे थे, तभी शुक्रवार को ट्रेन से उतरते वक्त उनका बैग फंस गया और संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर पड़े। घायल हालत में उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी तो मिल गई, लेकिन कुछ ही देर में तबीयत बिगड़ी और उन्होंने अंतिम सांस ले ली।

तुलेश ने 2014 में ITBP जॉइन किया था। दो साल पहले उनका विवाह हुआ था और उनकी एक 8 माह की बेटी है। वे अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनका शव सोमवार सुबह 7 बजे रायपुर होते हुए डारागांव लाया गया, जहां ITBP अधिकारियों और जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी के साथ उन्हें विदाई दी।

गांव में शोक का माहौल तब और भारी हो गया जब उनका पार्थिव शरीर जैसे ही गांव पहुंचा, मां-बाप और पत्नी बदहवास हो उठे। हर किसी की आंखें भर आईं। छोटे से डारागांव में मानो एक वीरगाथा ने जन्म लिया हो—वीर चला गया, लेकिन उसकी यादें अमर हो गईं।

ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने बेटे, भाई और रक्षक को अंतिम प्रणाम किया। आसपास के गांवों से भी लोग उमड़ पड़े और श्रद्धांजलि दी उस शहीद को जिसने देश के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।

Related Articles

Back to top button