छत्तीसगढ़

CG BREAKING: गजपल्ला वाटरफॉल में डूबी 19 वर्षीय युवती, रेस्क्यू अभियान जारी

गरियाबंद। जिले के प्रसिद्ध गजपल्ला वाटरफॉल में आज एक गंभीर हादसा हो गया, जब रायपुर से घूमने आई 19 वर्षीय युवती महविस खान गहरे पानी में डूब गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मौके पर वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंच गई है और रेस्क्यू अभियान जारी है। जानकारी के अनुसार रायपुर से आईं 5 युवतियों और 2 युवकों का समूह आज दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच गजपल्ला वाटरफॉल में पिकनिक मनाने पहुंचा था। इसी दौरान 19 वर्षीय महविस खान गहराई मापने के लिए पानी में उतरी और तेज

बहाव व गहराई का अंदाजा न लगने से डूब गई। साथी दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की सूचना दी। सूचना मिलते ही पांडुका थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू की गई। फिलहाल उसकी तलाश जारी है और गोताखोरों की टीम भी बुलाई गई है।

पहले से बंद है पर्यटकों के लिए वाटरफॉल
इस हादसे ने प्रशासनिक लापरवाही को एक बार फिर उजागर कर दिया है। वन विभाग के एसडीओ मनोज चंद्राकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि “गजपल्ला वाटरफॉल को पर्यटकों के लिए अलाउड नहीं किया गया है, वहां कोई भी औपचारिक सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। यह क्षेत्र घने जंगलों के बीच स्थित है, जहां कई रास्तों से लोग पहुंच जाते हैं।” हैरानी की बात यह है कि एक दिन पहले ही मीडिया रिपोर्ट में गजपल्ला और चिंगरापगार वाटरफॉल में लापरवाही की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था की कमी और प्रशासन की निष्क्रियता की ओर ध्यान आकर्षित किया गया था। बावजूद इसके, ना प्रशासन ने सख्ती बरती, ना पर्यटकों ने सतर्कता दिखाई।
फिर दोहराया गया सवाल: आखिर कब सुधरेगा सिस्टम?
यह हादसा साफ दर्शाता है कि लोकप्रिय लेकिन असुरक्षित पर्यटन स्थलों पर प्रशासन की निगरानी नहीं के बराबर है। ऐसी जगहों पर सुरक्षा बंदोबस्त, चेतावनी बोर्ड और गार्ड की व्यवस्था बेहद जरूरी है। सवाल उठता है कि जब वाटरफॉल आम जनता के लिए प्रतिबंधित है, तो लोग वहां तक कैसे पहुंच रहे हैं? फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन यह घटना कई प्रशासनिक सवालों को जन्म देती है। जरूरत है कि ऐसे क्षेत्रों में सख्ती बरती जाए, पर्यटकों को चेतावनी दी जाए, और स्थायी सुरक्षा इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Back to top button