देश

गूगल-मेटा को ED का नोटिस, ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार में भूमिका, 21 जुलाई को पूछताछ

ई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार से जुड़े मामले में टेक दिग्गज गूगल(Google) और मेटा(Meta) को नोटिस जारी किया है। ईडी का कहना है कि इन दोनों कंपनियों ने ऐसे ऐप्स के विज्ञापनों को प्रमुखता से दिखाया, जिससे ये सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म आसानी से लोगों तक पहुंच सके।

21 जुलाई को होगी पूछताछ

जारी किए गए नोटिस के अनुसार, दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को 21 जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। ईडी उनसे यह जानने की कोशिश करेगी कि ऐसे ऑनलाइन सट्टेबाजी विज्ञापन कैसे और क्यों दिखाए गए, जिनके जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई हुई बताई जा रही है।

देशभर में चल रही छानबीन

ईडी ने हाल के दिनों में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ देशभर में बड़ी कार्रवाई शुरू की है। तेलंगाना में कई चर्चित फिल्मी हस्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। इनमें विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती और प्रकाश राज समेत कुल 29 कलाकार शामिल हैं।

इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में सट्टेबाजी नेटवर्क को लेकर छापेमारी जारी है। 15 जुलाई को मुंबई में भी ईडी ने कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान एजेंसी ने 3 करोड़ रुपये से ज्यादा नकद, कई लग्जरी गाड़ियां और महंगी घड़ियां जब्त की थीं।

शिकायतकर्ताओं की तलाश में ED

ईडी अब उन लोगों की भी तलाश कर रही है, जिन्हें इन सट्टेबाजी ऐप्स और प्लेटफॉर्म्स के जरिए ठगा गया है। आने वाले दिनों में गूगल और मेटा के प्रतिनिधियों के बयान दर्ज किए जा सकते हैं। यह कार्रवाई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए हो रही अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगाम कसने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button