जापान में सीएम विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापना को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा
बस्तर के अविनाश तिवारी से टोक्यो में मुलाकात, निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सरकार की नीतियों पर हुई विस्तृत बातचीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जापान प्रवास के दौरान राज्य के औद्योगिक विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल सामने आई। टोक्यो में उन्होंने जापान की प्रतिष्ठित कंपनी BOYES & MOORES INTERNATIONAL COMPANY के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर और बस्तर के गौरव अविनाश तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापना और निवेश की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार निवेशकों के लिए निवेश-अनुकूल माहौल, मजबूत औद्योगिक आधारभूत ढांचा और आवश्यक सभी सहयोग उपलब्ध करा रही है। उन्होंने राज्य की नीतियों को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए अविनाश तिवारी को छत्तीसगढ़ में संभावित निवेश की दिशा में आमंत्रित किया।
अविनाश तिवारी मूलतः बस्तर जिले के तोकापाल क्षेत्र के निवासी हैं और नवोदय विद्यालय, बारसूर (दंतेवाड़ा) के पूर्व छात्र रह चुके हैं। वर्तमान में वे जापान की इस प्रतिष्ठित कंपनी में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता डॉ. सुरेश तिवारी एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं।
मुख्यमंत्री साय ने इस मुलाकात को “गर्व और उम्मीद का क्षण” बताया। उन्होंने कहा, “बस्तर की धरती से निकले प्रतिभाशाली युवा जब वैश्विक मंच पर पहचान बनाकर राज्य के विकास में हाथ बंटाते हैं, तो यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।”
सीएम साय ने भरोसा जताया कि तिवारी जैसे युवाओं की भागीदारी से राज्य में उद्योग, निवेश और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे, जिससे छत्तीसगढ़ का समावेशी विकास और तेज़ गति से आगे बढ़ सकेगा।


