75 दिन तक चलने वाले बस्तर दशहरे में होंगे मुख्यमंत्री साय शामिल, सांसद कश्यप ने दिया खास न्योता
विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा का आयोजन शुरू, देश-विदेश से उमड़ेंगे श्रद्धालु – मुख्यमंत्री ने न्योता स्वीकार कर जताई खुशी

रायपुर। बस्तर की पहचान बन चुका विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा इस बार और भी खास होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आयोजन में शामिल होने की सहमति दे दी है। उन्हें यह निमंत्रण बस्तर सांसद महेश कश्यप और बस्तर दशहरा समिति के पदाधिकारियों ने दिया।
हरेली अमावस्या से शुरू होकर अश्विनी शुक्ल पक्ष के 13वें दिन तक चलने वाला यह पर्व लगातार 75 दिन तक चलता है और इसमें देश-विदेश से लोग शामिल होते हैं। बस्तर सांसद कश्यप ने मीडिया से कहा – “दंतेश्वरी और मौली माता के आशीर्वाद से बस्तर दशहरा का आयोजन होगा। यह हमारी 75 साल पुरानी परंपरा है, और हमें खुशी है कि मुख्यमंत्री साय इसमें शामिल होंगे।”
नेपाल में फंसे लोगों पर बोले सांसद
इस दौरान सांसद कश्यप ने नेपाल हिंसा में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तुरंत संज्ञान लिया है। केंद्रीय गृहमंत्री भी मामले पर गंभीर चर्चा कर रहे हैं और जल्द ही सभी लोगों को सुरक्षित वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।
बस्तर विकास पर फोकस
रामगढ़ पहाड़ी मुद्दे पर कांग्रेस की जांच की मांग को सांसद ने “सिर्फ प्रोपेगेंडा” बताया। वहीं, बस्तर इन्वेस्टर मीट को लेकर उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन से समृद्ध बस्तर में उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। पर्यटन को उद्योग का दर्जा भी दिया गया है, जिससे आने वाले समय में बस्तर का विकास तेज होगा।




