कोयला और शराब घोटाले पर ताबड़तोड़ कार्रवाई! ACB-ईओडब्ल्यू की दबिश से दहशत में अफसर और कारोबारी…
जांजगीर से रायपुर तक छापेमारी, अकलतरा के कोयला व्यापारी और शराब कारोबारियों के ठिकानों से निकल रहे राज़…

जांजगीर। रविवार का दिन छत्तीसगढ़ के कारोबारियों और अफसरों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। कोयला और शराब घोटाले की गुत्थी सुलझाने उतरी एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त कार्रवाई ने कई ठिकानों पर हड़कंप मचा दिया है।
सुबह-सुबह अकलतरा के अम्बेडकर चौक के पास स्थित कोयला व्यापारी के घर पर एसीबी की टीम ने अचानक दबिश दी। बताया जा रहा है कि यहां से घोटाले से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई का सबसे बड़ा नाम सामने आया है – जयचंद कोसले, जो कांग्रेस सरकार के दौरान सचिवालय में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ थे। उनका बेटा कोयले का कारोबार करता है और फिलहाल एसीबी की टीम घर के कोने-कोने को खंगाल रही है।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती… दूसरी ओर ईओडब्ल्यू की टीमें शराब घोटाले में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में एक साथ 10 ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। राजधानी रायपुर में ही 3 से 4 जगहों पर छापेमारी हुई है, जिसमें रायपुरा की शिव विहार कॉलोनी स्थित शराब कारोबारी अवधेश यादव का घर भी शामिल है।
पूरे प्रदेश में चल रही इस ताबड़तोड़ छापेमारी ने अफसरों और कारोबारियों के बीच खौफ का माहौल खड़ा कर दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इन दस्तावेजों से कौन-कौन से बड़े नाम और घोटाले के काले राज़ उजागर होंगे…
