भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य पर कानून का शिकंजा! आज हो सकती है गिरफ्तारी, EOW की बड़ी तैयारी
आबकारी घोटाले में फंसे चैतन्य बघेल के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी, कोर्ट में पेश होते ही होगी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। आबकारी घोटाले में पहले से ही ईडी द्वारा गिरफ्तार होकर रायपुर सेंट्रल जेल में बंद चैतन्य को अब EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) ने घेर लिया है।
मंगलवार देर शाम EOW ने ACB/EOW स्पेशल कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन पेश किया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद चैतन्य बघेल को 24 सितंबर, बुधवार को भोजनावकाश के बाद सेंट्रल जेल से स्पेशल कोर्ट लाया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट में पेश होते ही EOW चैतन्य को गिरफ्तार कर रिमांड की मांग कर सकती है। रिमांड की अवधि कितनी होगी, यह फैसला दोनों पक्षों की दलीलों के बाद अदालत तय करेगी।
अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल
इधर, चैतन्य बघेल की ओर से मंगलवार को ही हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर दी गई है। हालांकि, याचिका पर सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है। इससे पहले भी उन्होंने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत मांगी थी, लेकिन अदालत ने यह कहते हुए याचिका खारिज कर दी थी कि इसे निचली अदालत में पेश करें।
गौरतलब है कि उसी दौरान EOW के प्रोडक्शन वारंट पर चैतन्य को जेल से कोर्ट लाया गया था, लेकिन हाईकोर्ट की ओर से दी गई कानूनी राहत के चलते EOW उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
अब एक बार फिर से कानून का शिकंजा कसने की तैयारी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार चैतन्य को जमानत मिलती है या पुलिस रिमांड में भेजा जाएगा।

