छत्तीसगढ़

रायपुर: रेलवे स्टेशन चौक बना ‘सट्टा अड्डा’!

गंज पुलिस की दबिश में मोनू गुप्ता गिरफ्तार, नगदी और सट्टा पट्टी बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर में सट्टा और जुए के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। थाना गंज पुलिस ने रेलवे स्टेशन चौक के पास छापेमारी कर सट्टा संचालित कर रहे कुख्यात सटोरिये मोनू गुप्ता को रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी के पास से नगदी रकम, सट्टा पट्टी और अन्य सामान जब्त किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर शहरभर में जुआ-सट्टा पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गंज पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन चौक पर खुलेआम सट्टा चल रहा है। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान

गिरफ्तार युवक ने अपना नाम मोनू गुप्ता (42 वर्ष), निवासी साहूपारा थाना गुढ़ियारी बताया। पुलिस ने उसके पास से ₹2750 नगद, सट्टा पट्टी और एक डॉट पेन बरामद किया।

अपराध दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया

थाना गंज में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मोनू गुप्ता लंबे समय से इस इलाके में सट्टा गतिविधियों में सक्रिय था।

लगातार चल रहा अभियान

हाल ही में गंज, गुढ़ियारी और टिकरापारा थाना क्षेत्रों से भी कई सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने साफ कहा है कि रायपुर में किसी भी तरह की ऑनलाइन या ऑफलाइन सट्टेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नागरिकों से अपील

पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी जुआ या सट्टा की गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत सूचना दें। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button