गांव-गांव, घर-घर में खेलों की संस्कृति फैलाएंगे: MP बृजमोहन अग्रवाल
सांसद खेल महोत्सव 2025 की तैयारियों के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा में समीक्षा बैठक, 30 हजार से अधिक खिलाड़ियों का लक्ष्य।

रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सांसद खेल महोत्सव 2025 को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक ली और कहा कि “गांव-गांव, घर-घर में खेलों की संस्कृति स्थापित करना ही हमारा संकल्प है।” इस बैठक का आयोजन बलौदाबाजार-भाटापारा कलेक्ट्रेट में किया गया, जिसमें आगामी 7 से 11 अक्टूबर तक बलौदाबाजार, सिमगा और भाटापारा विकासखंड में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में यह लक्ष्य रखा गया कि जिले से 30 हजार से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन किया जाएगा। यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि युवाओं में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा देगा।
बैठक में कलेक्टर, जिला पंचायत CEO, पुलिस अधीक्षक, निजी और सरकारी स्कूलों के प्राचार्य, जिला खेल अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, विभिन्न इंडस्ट्रीज के अधिकारी, खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से खेलों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। उन्होंने सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता और सहयोग के साथ काम करें।


