PM मोदी ने बिहार की महिलाओं के खाते में भेजे 10-10 हजार रुपये, जानें इस योजना की पूरी जानकारी
मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत 75 लाख महिलाओं को सीधे बैंक खातों में राशि, आगे मिलेगा 2 लाख तक का लोन।

बिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 सितंबर की सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री रोजगार योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत बिहार की 75 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा समेत कई मंत्री उपस्थित रहे। पीएम मोदी ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब कोई बहन-बेटी रोजगार करती है तो उसके सपनों को पंख मिलते हैं और समाज में उसका सम्मान बढ़ता है।
प्रधानमंत्री ने जन-धन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इस योजना के जरिए पैसे सीधे महिलाओं के खातों में पहुंच रहे हैं और अब कोई धन गुम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राजद की पिछली सरकार में महिलाओं को बहुत कठिनाई झेलनी पड़ी, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में कानून का राज लौटने के बाद महिलाओं को राहत मिली।
महिलाओं को योजना का लाभ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 29 अगस्त को इस योजना की घोषणा की। इसके तहत 18 से 60 साल की महिलाओं को बिजनेस करने के लिए 2 लाख रुपये तक का लोन दिया जाएगा। हर परिवार की एक महिला इसका लाभ ले सकती है। पहले आवेदन करने वाली महिलाओं को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद उनके बिजनेस का मूल्यांकन किया जाएगा और यदि सब ठीक रहा तो 2 लाख तक का लोन जारी किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया जीविका दीदियों के माध्यम से पूरी करवाई जा रही है।
इस योजना का उद्देश्य बिहार की महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता देना और उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है। पीएम मोदी ने सभी महिलाओं से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाएं और अपने परिवार तथा समाज के लिए प्रेरणा बनें।
