छत्तीसगढ़

विश्व मानक दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने दिलाई गुणवत्ता शपथ, नवाचार और मानकीकरण पर दिया जोर

बीआईएस के मानक महोत्सव में मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता, पारदर्शिता और उपभोक्ता सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में विश्व मानक दिवस के अवसर पर आयोजित “मानक महोत्सव” में उपस्थित जनों को गुणवत्ता शपथ दिलाई। सीएम साय ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में मानकों का पालन पारदर्शिता, गुणवत्ता और उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा उत्पादों को मानक चिन्ह प्रदान करने और मिलावट व नकली वस्तुओं के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उपस्थित जनों से मानकीकृत उत्पादों को बढ़ावा देने और BIS के प्रयासों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मानकों की स्थापना में योगदान देने वाले क्लबों, संस्थाओं और मेंटर्स का सम्मान भी किया गया। सीएम साय ने कहा कि BIS का हॉलमार्क अब उपभोक्ताओं के भरोसे का प्रतीक बन चुका है और देशभर में गुणवत्ता की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर सिपेट रायपुर और अन्य संस्थाओं की पहल की सराहना की। स्टालों में छात्रों और नवाचारकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत उपकरण और मॉडल जैसे रक्तचाप जांच मशीन, मिट्टी नमी मापने की मशीन, एक्सप्लोरर रोबोट और स्मार्ट ट्रेन दिखाए गए। सीएम ने कहा कि “युवाओं की सोच में जब गुणवत्ता और नवाचार जुड़ता है, तभी भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर होता है।”

सीएम साय ने अधिकारियों, संस्थाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे “क्वालिटी को क्वांटिटी से पहले रखें” और छत्तीसगढ़ को मानकीकरण, नवाचार और पारदर्शिता में देश का अग्रणी राज्य बनाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता सिर्फ उद्योग तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन के हर पहलू का संस्कार बनना चाहिए।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और BIS रायपुर शाखा के निदेशक एस. के. गुप्ता भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button