मासूम को निगल गया काल: खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाया 3 साल का बच्चा, तालाब में मिला शव
24 घंटे से लापता था नन्हा सालकिन, जैसे ही पानी में उतराता दिखा शरीर—गांव में मच गया कोहराम

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर चौकी अंतर्गत सतपोखरी गांव में गुरुवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 24 घंटे से लापता तीन वर्षीय मासूम का शव गांव के पास स्थित तालाब में मिला। मृतक की पहचान सालकिन (उम्र 3 वर्ष) के रूप में हुई है। मासूम की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम सालकिन घर के पास बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी अचानक वह लापता हो गया। देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन मासूम का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाल संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दुलहीपुर, जलीलपुर और शिवाला चौकी की पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी रही, लेकिन रात तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
तालाब में दिखा शव, चीख-पुकार से कांप उठा गांव
गुरुवार रात गांव के पास स्थित तालाब में जब लोगों ने पानी में उतराता एक छोटा सा शव देखा, तो हर कोई सिहर उठा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकलवाया। जैसे ही शव की पहचान हुई, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
मृतक के पिता कलीमुद्दीन और माता रेहाना बीबी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में तीन भाई थे—
फैजान (11 वर्ष), अलफैज (6 वर्ष) और सबसे छोटा सालकिन, जिसकी इस दर्दनाक हादसे में जान चली गई।
पुलिस जांच में जुटी, हर एंगल से होगी पड़ताल
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ डीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मासूम की मौत दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह।

