छत्तीसगढ़

रात के सन्नाटे में चल रहा था ‘हरा सोना’ का खेल… अचानक वन विभाग की दबिश, 254 नग सागौन जब्त

कांकेर के जंगलों में लकड़ी माफियाओं का बड़ा जाल बेनकाब, 5 लाख से ज्यादा की तस्करी नाकाम

कांकेर।
उत्तर बस्तर कांकेर जिले के कापसी वनपरिक्षेत्र में वन विभाग ने ऐसी कार्रवाई की है, जिससे पूरे इलाके में लकड़ी तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। जंगलों की खामोशी में चल रहे अवैध कारोबार पर अचानक गिरी वन विभाग की गाज ने माफियाओं की नींद उड़ा दी।

ग्राम पिपली में सागौन लकड़ी के अवैध भंडारण की पुख्ता सूचना मिलने के बाद कापसी वनपरिक्षेत्र की टीम ने दो संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जैसे ही टीम ने दबिश दी, वहां छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में सागौन चिरान और सागौन लट्ठे सामने आ गए।

छापेमारी के दौरान वन विभाग ने कुल 254 नग सागौन लकड़ी जब्त की, जिसका कुल आयतन 7.549 घन मीटर आंका गया है। अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख 13 हजार रुपये है।

मौके पर लकड़ी की तस्करी और परिवहन में इस्तेमाल होने वाले साधनों की भी गहन जांच की गई। इस कार्रवाई के बाद यह साफ हो गया है कि इलाके में संगठित तरीके से जंगलों को खोखला करने की साजिश चल रही थी।

वन विभाग ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। माना जा रहा है कि पूछताछ में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button