छत्तीसगढ़

OLA शोरूम के सामने सरेआम गुंडागर्दी, स्कूली रंजिश बनी खूनी झगड़े की वजह… वीडियो वायरल होते ही पुलिस का शिकंजा

लाठी-डंडे चले, सड़क बनी अखाड़ा—4 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

OLA शोरूम के सामने सरेआम गुंडागर्दी, स्कूली रंजिश बनी खूनी झगड़े की वजह… वीडियो वायरल होते ही पुलिस का शिकंजा

लाठी-डंडे चले, सड़क बनी अखाड़ा—4 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़।
शहर की सड़कों पर जब अचानक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाए, तो सवाल सिर्फ कानून का नहीं, बल्कि समाज की दिशा का भी होता है। लक्ष्मीपुर स्थित OLA शोरूम के पास दो गुटों के बीच हुई सरेआम मारपीट ने इलाके में दहशत फैला दी। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस हरकत में आई और घटना में शामिल 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जिनमें 4 विधि से संघर्षरत बालक और 2 युवक शामिल हैं।

स्कूटी रोकी, फिर बरसे घूंसे-डंडे

प्रकरण में दीनदयाल कॉलोनी निवासी एक स्कूली छात्र ने 6 फरवरी को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित छात्र ने बताया कि वह शाम के वक्त अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से घड़ी चौक से घर लौट रहा था, तभी OLA शोरूम के सामने पहले से खड़े अभय सिंह ठाकुर, कपिश मित्तल और उनके साथियों ने पुरानी स्कूली रंजिश को लेकर रास्ता रोक लिया।

इसके बाद एक राय होकर हाथ-मुक्कों, पंच, डंडों और अन्य हथियारों से बेरहमी से मारपीट की गई। पूरी घटना किसी ने मोबाइल में कैद कर ली, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

राहगीरों ने बचाई जान

मारपीट में घायल छात्र को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान प्रकरण में बलवा की धाराएं जोड़ने की कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस का सख्त रुख, परिजन और स्कूल तलब

सीएसपी मयंक मिश्रा ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए आरोपियों और विधि से संघर्षरत बालकों के परिजनों को कार्यालय तलब कर सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि—

  • बच्चों की संगति पर नजर रखें,

  • उनकी स्कूल उपस्थिति और व्यवहार पर ध्यान दें,

  • अनुशासनहीनता को नजरअंदाज न करें।

इतना ही नहीं, संबंधित स्कूल के शिक्षकों को भी बुलाकर छात्रों की निगरानी और अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ये हैं हिरासत में लिए गए आरोपी

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपियों में शामिल हैं—

  1. अभय सिंह ठाकुर, पिता शंतेश्वर सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर महावीर चौक, थाना कोतवाली रायगढ़

  2. कपिश मित्तल, पिता गोविंद मित्तल, उम्र 18 वर्ष, निवासी कयाघाट जूटमिल, रायगढ़
    (अन्य 4 आरोपी विधि से संघर्षरत बालक)

विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय में और अन्य आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस की अपील

नगर पुलिस अधीक्षक ने मीडिया के माध्यम से अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को गलत संगति से दूर रखें, क्योंकि छोटी-सी रंजिश कब बड़ा अपराध बन जाए—यह किसी को पता नहीं चलता।

Related Articles

Back to top button