बांगो परियोजना में बहेंगे करोड़ों! 8.34 करोड़ की स्वीकृति से बदलेगी सिंचाई की तस्वीर
क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत से 2493 हेक्टेयर खेतों तक पहुंचेगा पानी, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने हसदेव बांगो परियोजना को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जल संसाधन विभाग ने जांजगीर-चांपा जिले में वितरक नहरों के कार्यों के लिए 8 करोड़ 34 लाख 54 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस फैसले से हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत राशि Hasdeo Bango Project के अंतर्गत विकासखंड पामगढ़ क्षेत्र की अकलतरा शाखा नहर से जुड़ी वितरक नहरों के सुधार कार्यों में खर्च की जाएगी। इसमें डुमरपाली वितरक नहर, हेडसपुर वितरक नहर और डुड़गा वितरक नहर सहित उनके माइनरों की क्षतिग्रस्त लाइनिंग की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के लिए 4 करोड़ 11 लाख 25 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
🌾 280 हेक्टेयर की कमी होगी पूरी
प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद 2493 हेक्टेयर के रूपांकित सिंचाई क्षेत्र में 280 हेक्टेयर की जो कमी हो रही थी, उसकी पूर्ति हो जाएगी। इससे पूरे निर्धारित क्षेत्र में सुचारू सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
🏗️ स्केप उन्नयन और नाला ट्रीटमेंट को भी मंजूरी
इसके अलावा अकलतरा शाखा नहर के आरडी 19 किलोमीटर पर स्थित स्केप के उन्नयन और नाला ट्रीटमेंट कार्य के लिए 4 करोड़ 23 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी कार्यों के निष्पादन हेतु मुख्य अभियंता मिनीमाता (हसदेव) बांगो परियोजना, जल संसाधन विभाग को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।


