होली से पहले तड़के 4 बजे छापा! ‘ऑपरेशन आघात’ में 7 गिरफ्तार, 5000 किलो महुआ पास बरामद
12 वार्डों में एक साथ दबिश, 60 से ज्यादा पुलिसकर्मी मैदान में… अवैध शराब अड्डों पर बड़ा वार

जशपुर। होली पर्व से पहले जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ ऐसा शिकंजा कसा कि कई इलाकों में हड़कंप मच गया। जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत शनिवार तड़के सुबह 4 बजे 12 वार्डों में एक साथ छापेमारी की। इस हाई-वोल्टेज कार्रवाई में 60 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
सिटी कोतवाली क्षेत्र के डीपाटोली, बरटोली, कदमटोली, मस्जिद पारा और रक्षित कॉलोनी समेत कई इलाकों में पुलिस ने संभावित अवैध शराब अड्डों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान 50 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और उपकरण भी कब्जे में लिए गए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये आंकी गई है।
2 महिला समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई में 2 महिला और 5 पुरुष, कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) व 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं में से एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी अवैध शराब के मामले दर्ज हैं।
छापेमारी के दौरान करीब 5000 किलो महुआ पास भी बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इसे विधिवत नष्ट कर दिया। वहीं थाना आस्ता क्षेत्र में एक आरोपी के घर से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और 4 लीटर बीयर जब्त की गई। संबंधित आरोपी के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यातायात नियमों पर भी सख्ती
होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी शिकंजा कस दिया है। पिछले दो दिनों में 500 प्रकरण दर्ज कर करीब 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।
डॉ. लाल उमेद सिंह, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर, ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान नशापान से दूर रहें और शांति एवं सुरक्षा के साथ होली मनाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध शराब का परिवहन, भंडारण या विक्रय करते पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, तेज गति से गाड़ी न दौड़ाएं और किसी भी तरह की हुड़दंग या शांति भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि त्योहार के दौरान ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रखी जाएगी।


