“दोस्त को बचाने कूदा… फिर अचानक गहरे पानी में गायब! बंद पड़े प्लांट के गड्ढे में 13 साल के मासूम की दर्दनाक मौत”
होली के दिन दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर, एक साथी को बचाने उतरा और खुद ही पानी में समा गया

दंतेवाड़ा।
होली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। जिले में एक बंद पड़े क्रशर प्लांट के गड्ढे में नहाने गए 13 साल के किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त को बचाने के लिए पानी में उतरा था, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण खुद ही मौत के आगोश में चला गया।
मामला गीदम थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मृतक बच्चे का नाम आदर्श वाघमारिया (13) है। होली के दिन वह अपने कुछ दोस्तों के साथ नागलु सड़क किनारे स्थित बंद पड़े क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में नहाने गया था।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान उसका एक दोस्त अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। साथी को डूबता देख आदर्श बिना कुछ सोचे उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में उतर गया। लेकिन इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और गहरे पानी में चला गया।
कुछ ही पलों में आदर्श पानी के अंदर गायब हो गया। हालांकि, जिसे बचाने के लिए वह कूदा था वह किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन आदर्श खुद पानी में डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के साथ SDRF की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढे में बच्चे की तलाश शुरू की गई। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

