छत्तीसगढ़

घुमाने ले गया दोस्त… और बन गया कातिल! फाफाडीह नाले के पास मिली लाश का 12 घंटे में सनसनीखेज खुलासा

रायपुर में दोस्ती का खौफनाक अंत—पैसों के विवाद में युवक की हत्या, CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

फाफाडीह हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला हत्यारा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सामने आए सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। फाफाडीह इलाके में नाले के पास मिले युवक के शव के मामले में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई है—जिस दोस्त के साथ युवक घर से निकला था, वही उसका कातिल निकला।


नाले के पास पड़ा मिला था युवक का शव

पुलिस को 5 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी, फाफाडीह के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए।


मृतक की पहचान राजा साहू के रूप में हुई

जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (25 वर्ष) निवासी चुनाभट्ठी के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजा सुबह करीब 8 बजे घर से एक परिचित युवक के साथ घूमने जाने की बात कहकर निकला था।


CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज

पुलिस ने मृतक के घर के आसपास और घटना स्थल के पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि चुनाभट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19 वर्ष) राजा साहू के साथ घर से निकला था और वही घटना स्थल के पास भी मौजूद था।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।


पैसों के विवाद में की हत्या

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बिट्टू यादव और मृतक राजा साहू अक्सर साथ घूमते-फिरते थे। कुछ दिन पहले बिट्टू की गाड़ी में हुई टूट-फूट का पैसा वह राजा से मांग रहा था।

बार-बार पैसे मांगने के बावजूद पैसा नहीं मिलने से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुरुवार सुबह जब दोनों साथ निकले तो बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आरोपी ने राजा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई और वह मौके से फरार हो गया।


12 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम ने डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीम बनाकर CCTV जांच, आरोपी की पतासाजी और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। इसके बाद महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button