नवरात्रि की भीड़ में मंदिर बना निशाना, CCTV में कैद हुई महिला की चोरी, पुलिस ने दबोचा
श्रद्धालुओं की भीड़ का उठाया फायदा, लाइव वीडियो से खुला राज

बिलासपुर में चैत्र नवरात्रि के दौरान जहां एक ओर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं दूसरी ओर भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला महामाया मंदिर से सामने आया है, जहां एक महिला को पॉकेटमारी करते हुए गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला मंदिर में उमड़ी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं के पर्स और अन्य सामान पर हाथ साफ कर रही थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिला की करतूत साफ तौर पर कैद हो गई। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला ने कम से कम दो श्रद्धालुओं को अपना शिकार बनाया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह अकेले काम कर रही थी या किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है।
बताया जा रहा है कि रतनपुर स्थित यह मंदिर नवरात्रि के दौरान बेहद भीड़भाड़ वाला रहता है, जहां रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी भीड़ का फायदा उठाकर ऐसे अपराधी सक्रिय हो जाते हैं।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर में दर्शन के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


