देश

सिर्फ 13 रुपये की गलती और खाते से गायब हुए 25 लाख, ‘फोन हाईजैक’ के जाल में फंसी दादी, मिनटों में खाली हो गई जिंदगी भर की जमा पूंजी

एक छोटी सी पेमेंट के बहाने भेजी गई फाइल बनी सबसे बड़ा जाल, कॉल उठाते ही शुरू हो गया ऐसा खेल जिसे समझते-समझते सब कुछ लुट गया

मुंबई से सामने आया साइबर ठगी का यह मामला किसी डरावनी कहानी से कम नहीं है, जहां महज 13 रुपये की छोटी सी पेमेंट के चक्कर में 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी जिंदगी भर की 25 लाख रुपये की जमा पूंजी गंवा दी। ठगों ने ऐसा जाल बिछाया कि महिला को भनक तक नहीं लगी और कुछ ही मिनटों में उनका पूरा बैंक खाता खाली हो गया। यह पूरा खेल एक फोन कॉल से शुरू हुआ, जिसने धीरे-धीरे एक खतरनाक रूप ले लिया।

दरअसल, महिला को एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसमें सामने वाले शख्स ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया। उसने भरोसा दिलाते हुए कहा कि बिजली कनेक्शन पर नाम अपडेट करने के लिए सिर्फ 13 रुपये की मामूली फीस देनी होगी। बात इतनी छोटी और सामान्य लगी कि महिला को इसमें कोई खतरा नजर नहीं आया। लेकिन यही वह पल था, जहां से ठगी का असली खेल शुरू हुआ।

ठग ने महिला को एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर केवाईसी पूरी करने को कहा। जैसे ही महिला ने फाइल डाउनलोड की, वैसे ही उनके मोबाइल का पूरा कंट्रोल साइबर अपराधियों के हाथ में चला गया। बिना किसी शोर-शराबे के उनका फोन हाईजैक हो चुका था। इसके बाद ठगों ने उन्हें धीरे-धीरे क्रेडिट कार्ड और बैंक डिटेल्स दर्ज करने के लिए कहा, और महिला उनकी बातों में आकर सब कुछ भरती चली गईं।

कुछ ही देर में उनके मोबाइल पर 25 लाख रुपये कटने का मैसेज आया और तब जाकर उन्हें एहसास हुआ कि वे एक खतरनाक साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं। इसके बाद महिला ने 21 मार्च को मुंबई पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन जिस तरह से यह ठगी की गई, उसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि साइबर ठग अब पहले से ज्यादा चालाक और खतरनाक हो चुके हैं। वे लोगों को फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, जिनमें फर्जी लिंक, APK फाइल, नकली ऐप और OTP स्कैम शामिल हैं। कई मामलों में सिम स्वैपिंग के जरिए भी लोगों के बैंक खाते खाली किए जा रहे हैं, जहां बिना जानकारी के ही उनका मोबाइल नंबर हैक कर लिया जाता है।

सबसे डराने वाली बात यह है कि इस तरह की ठगी में शिकार को तब तक कुछ समझ नहीं आता, जब तक बहुत देर नहीं हो जाती। एक छोटी सी लापरवाही या अनजान लिंक पर क्लिक करना किसी को भी भारी नुकसान में डाल सकता है। ऐसे में जरूरी है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या फाइल पर आंख बंद कर भरोसा न करें, क्योंकि आज के दौर में एक छोटी सी गलती आपकी पूरी जमा पूंजी को मिनटों में गायब कर सकती है।

Related Articles

Back to top button