छत्तीसगढ़

मैदान में चला गोलों का तूफान… छत्तीसगढ़ ने रौंद डाला मध्यप्रदेश, कांस्य जीतकर सबको चौंकाया

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में दमदार प्रदर्शन, हॉकी के बाद कुश्ती में भी खिलाड़ियों ने दिखाया जोर


रायपुर। खेल के मैदान में जब मुकाबला सम्मान का हो, तो हर वार इतिहास बन जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब छत्तीसगढ़ की टीम ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को करारी शिकस्त दी और पदक अपने नाम कर लिया।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में पुरुषों की हॉकी के तीसरे और चौथे स्थान के लिए मुकाबला खेला गया। इस मैच में छत्तीसगढ़ ने मध्यप्रदेश को एकतरफा अंदाज में 14-6 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया। इस जीत ने न केवल टीम का मनोबल बढ़ाया, बल्कि दर्शकों को भी रोमांच से भर दिया।

वहीं दूसरी ओर सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में पिछले चार दिनों से चल रही कुश्ती स्पर्धा का भी शानदार समापन हुआ। देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबले देखने को मिले, जहां हर खिलाड़ी ने अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

टीम चैंपियनशिप के नतीजों में पुरुष वर्ग में हिमाचल प्रदेश ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि जम्मू-कश्मीर फर्स्ट रनरअप रहा। महाराष्ट्र और झारखंड ने संयुक्त रूप से दूसरा रनरअप स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में असम ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, वहीं झारखंड फर्स्ट रनरअप रहा और कर्नाटक व तेलंगाना ने दूसरा रनरअप स्थान साझा किया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला सीनियर 57 किलोग्राम वर्ग में तेलंगाना की नागलक्ष्मी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कर्नाटक की शालीना सिद्धि को रजत और अमूल्या भीमसेन कुन्दरगी को कांस्य पदक मिला। 68 किलोग्राम वर्ग में कर्नाटक की प्रिंसिता पेड्र फर्नांडिस सिद्दी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

पुरुष वर्ग में भी कड़े मुकाबले देखने को मिले। फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम में ओडिशा के अजीत भुयां ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र के पारस बिडकर को रजत मिला। अन्य वर्गों में भी झारखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।

इस पूरे आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि देश के दूरदराज इलाकों में छिपी प्रतिभाएं जब मंच पाती हैं, तो वे बड़े से बड़े मुकाबले में अपना दम दिखाने से पीछे नहीं हटतीं।

 

Related Articles

Back to top button