सुबह 8 बजे घर में घुसी महिला, कुछ ही मिनटों में उजड़ गया पूरा परिवार, दुर्ग में खौफनाक डबल मर्डर
कथित दूसरी पत्नी पर आरोप, चाकू से हमला कर मां-बेटे की हत्या, एक बेटी जिंदगी के लिए जूझ रही

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने घर में घुसकर ऐसा खूनी खेल खेला कि पूरा परिवार बिखर गया। शनिवार सुबह करीब 8 बजे एसटीएफ कॉलोनी में आरक्षक के घर में घुसकर महिला ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज ने बीजापुर में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर उसकी पत्नी रीना यादव और बच्चों पर हमला किया। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि रीना यादव और उनके बेटे आदित्य यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बेटी तानिया यादव गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घटना के दौरान घर में मौजूद दूसरी बेटी नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस पूरी वारदात ने इलाके में दहशत और सनसनी फैला दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक के बीच संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी, जो बाद में रिश्ते में बदल गई। कथित तौर पर आरक्षक ने आरोपी महिला से दूसरी शादी भी की थी। घटना से एक दिन पहले भी महिला घर पहुंची थी, लेकिन उस समय उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बावजूद उसने अगली सुबह फिर आकर इस खौफनाक घटना को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलोनी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और हमले के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग यह सोचकर सहम गए हैं कि आखिर कुछ ही मिनटों में एक परिवार पर ऐसा कहर कैसे टूट पड़ा।
