छत्तीसगढ़

रिजल्ट की तारीख को लेकर बढ़ा सस्पेंस, कभी भी आ सकता है 10वीं-12वीं का परिणाम, छात्रों की धड़कनें तेज

मूल्यांकन प्रक्रिया लगभग पूरी, महीने के आखिरी दिन या 1 मई को जारी हो सकता है रिजल्ट


रायपुर। छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं के लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म होने के करीब है, लेकिन रिजल्ट की तारीख को लेकर सस्पेंस लगातार बना हुआ है। शिक्षा मंडल जल्द ही परीक्षा परिणाम जारी करने की तैयारी में है और संकेत मिल रहे हैं कि नतीजे इसी महीने के आखिरी दिन या फिर 1 मई को घोषित किए जा सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम लगभग पूरा हो चुका है और अब रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर तारीख की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन विभागीय स्तर पर अंतिम तैयारियां जारी हैं।

इस साल 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू हुई थीं। इस दौरान 12वीं के हिंदी पेपर लीक होने की घटना ने भी हलचल मचाई थी, जिसके बाद उस विषय की परीक्षा दोबारा आयोजित करानी पड़ी। इसके बावजूद अब मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और परिणाम जारी करने की दिशा में तेजी दिखाई जा रही है।

दरअसल, पिछले शैक्षणिक सत्र से बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में शिक्षा मंडल पर यह दबाव है कि पहले चरण के परिणाम समय पर घोषित किए जाएं, ताकि छात्रों को दूसरी परीक्षा और आगे की पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि जून में प्रस्तावित दूसरी बोर्ड परीक्षा से पहले रिजल्ट जारी करना बेहद जरूरी है। इसलिए विभाग पूरी कोशिश कर रहा है कि किसी भी हाल में नतीजे समय पर घोषित किए जाएं।

अब छात्रों और अभिभावकों की नजरें रिजल्ट की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं, क्योंकि तारीख सामने आते ही लंबे इंतजार का अंत हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button