शादी की खुशियों में खून की छींटें… डीजे डांस बना मौत का मंच, 20 साल के युवक की बेरहमी से हत्या
पुरानी रंजिश ने ली जान—नाबालिग के हाथों चला चाकू, पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को दबोचा

डोंगरगढ़। खुशियों और जश्न के माहौल में उस वक्त खौफनाक सन्नाटा छा गया, जब शादी समारोह के बीच डीजे पर चल रहा डांस अचानक खूनी वारदात में बदल गया। एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और 20 वर्षीय युवक योमिश सिन्हा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
यह सनसनीखेज घटना ग्राम रामाटोला में 26 अप्रैल की रात घटी, जब बारात के दौरान युवक डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। माहौल बिगड़ते ही एक नाबालिग ने अपने साथी कृपाला वर्मा द्वारा दिए गए धारदार हथियार से योमिश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य युवक भी हमले में घायल हो गए, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियां मातम में बदल गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए विशेष टीम गठित की और ताबड़तोड़ दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक और साकरा, थाना गातापार, जिला केसीजी निवासी कृपाला वर्मा (25 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 109 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी रंजिशें किस तरह जानलेवा रूप ले लेती हैं, और जश्न का माहौल पल भर में मातम में बदल जाता है।

