छत्तीसगढ़

नदी का खामोश पानी बना काल: खेलते-खेलते गहराई में समा गए दो मासूम, चीखों से दहल उठा गांव

भीषण गर्मी में नहाने गए 5 और 6 साल के बच्चों की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक थम चुकी थीं सांसें


बलरामपुर। जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र अंतर्गत भुताही गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जिसके बाद गांव में मातम पसर गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 वर्षीय और 6 वर्षीय दोनों बच्चे अपने अन्य साथियों के साथ गांव के पास स्थित नदी में नहाने और खेलने के लिए गए थे। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे नदी में उतरे थे, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यही पानी उनकी जिंदगी छीन लेगा। नहाते-नहाते दोनों बच्चे धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गए और अचानक डूबने लगे।

साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने जब उन्हें पानी में डूबते देखा तो घबरा गए और शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को बुलाया। आवाज सुनते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बच्चों को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। अपने बच्चों को इस हालत में देखकर परिजनों का कलेजा फट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे ग्राम पंचायत सबाग और भुताही के निवासी थे।

सूचना मिलते ही सामरी पाठ थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शनिवार को दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराया गया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग इस बात को लेकर सहमे हुए हैं कि खेलते-खेलते दो मासूम जिंदगियां यूं ही खत्म हो गईं।

Related Articles

Back to top button