खैरागढ़: “कैंटीन से लेकर किराना दुकान तक हड़कंप! अचानक छापेमारी में खुले गंदे राज, एक्सपायरी सामान देख भड़के अधिकारी…”

खैरागढ़ | छत्तीसगढ़:
जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की औचक कार्रवाई ने पूरे बाजार और अस्पताल परिसरों में हड़कंप मचा दिया। “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत की गई इस जांच में कई जगह गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान अभिहित अधिकारी Siddharth Pandey के नेतृत्व में टीम ने सिविल अस्पताल खैरागढ़ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान की कैंटीनों की गहन जांच की। यहां साफ-सफाई, खाद्य भंडारण और सुरक्षा मानकों में कई कमियां पाई गईं, जिसके बाद तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
जांच का दायरा सिर्फ अस्पतालों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बाजार में स्थित किराना दुकानों तक भी पहुंचा। इस दौरान टीम ने कई दुकानों में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और स्नैक्स बरामद किए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
सबसे अहम कार्रवाई में एक बेकरी से मावा केक का सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों को खाद्य लाइसेंस अपडेट रखने, स्वच्छता बनाए रखने और एक्सपायरी सामान हटाने की सख्त चेतावनी दी गई।
अब विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि आने वाले दिनों में जिलेभर में लगातार औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

