कबीरधाम: मिट्टी बनी मौत का जाल! ट्रक के नीचे कुचले गए पति-पत्नी, 4 साल का मासूम खून से लथपथ मिला सड़क किनारे
ससुराल जा रहा था परिवार, एक फिसलन ने उजाड़ दिया पूरा घर… हादसे के बाद भड़के ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया, जिससे पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका 4 साल का मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान सारंगढ़ निवासी कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह कृष्णा अपनी पत्नी और 4 साल के बेटे के साथ बाइक से ससुराल कोलेगांव जा रहे थे। इसी दौरान कुण्डा थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक को क्रॉस करते समय बाइक सड़क किनारे की गीली मिट्टी में फिसल गई।
देखते ही देखते पति-पत्नी ट्रक के पहियों के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका मासूम बेटा दूर जाकर गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। हालांकि तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। घायल बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने घटना स्थल और कुण्डा थाना के पास चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में भारी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क किनारे शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी डाल दी गई थी, जो बारिश के बाद कीचड़ में बदल गई। इसी वजह से बाइक फिसली और यह हादसा हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शन कर रहे लोग सड़क निर्माण के ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण ठेकेदार के आने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कहते रहे।

