छत्तीसगढ़

फैक्ट्री गया था काम पर… सुबह झाड़ियों में मिली खून से सनी लाश! कोरबा में सनसनीखेज हत्या से दहशत

धारदार हथियार से वार कर युवक को उतारा मौत के घाट? सड़क किनारे मिले घसीटने के निशान ने बढ़ाया रहस्य

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। फैक्ट्री कर्मचारी का खून से लथपथ शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिलने से हड़कंप मच गया। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।

घटना नवा बरपारा कोहड़िया इलाके की है, जहां शनिवार सुबह राहगीरों की नजर सड़क किनारे झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। शव देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर खून के धब्बे और शव को घसीटे जाने जैसे निशान मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है।

मृतक की पहचान 37 वर्षीय बसंत पटेल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के सोनसरी गांव का रहने वाला था। पिछले तीन साल से वह कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर इलाके में किराए के मकान में रहकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।

बसंत के दोस्त राकेश पटेल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार और दोस्तों को लगा कि शायद काम में देर हो गई होगी, लेकिन शनिवार सुबह उसकी हत्या की खबर ने सबको झकझोर दिया।

सबसे दर्दनाक बात यह है कि बसंत दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से वापस लौटा था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी गांव में ही हैं। पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं।

पुलिस को शक है कि हत्या धारदार हथियार से की गई है। हालांकि हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर फैक्ट्री कर्मचारी बसंत पटेल की इतनी बेरहमी से हत्या किसने और क्यों की? क्योंकि सड़क किनारे मिले खून और घसीटने के निशानों ने इस मर्डर मिस्ट्री को और भी डरावना बना दिया है।

Related Articles

Back to top button