काठमांडू एयरपोर्ट पर मौत का साया टला! लैंडिंग के वक्त टर्किश विमान के टायर में आग, 278 यात्री सवार थे अंदर
इस्तांबुल से आई फ्लाइट TK 726 में अचानक मचा हड़कंप, धुआं और आग से रनवे पर अफरा-तफरी, कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें आसमान में अटकीं

काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आज सुबह एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। लैंडिंग के दौरान टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK 726 के लैंडिंग गियर (टायर) में अचानक आग लग गई, जिससे विमान में सवार 278 यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार यह विमान इस्तांबुल से काठमांडू आ रहा था। सुबह करीब पौने सात बजे जैसे ही विमान ने लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू की, उसके दाहिने पहिए से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। रनवे पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
विमान में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। जैसे ही आग की सूचना मिली, एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और यात्रियों को इमरजेंसी दरवाजों के जरिए तेजी से बाहर निकाला गया।
एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, समय रहते फायर इंजन की मदद से आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, हालांकि रेस्क्यू के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
इस घटना के बाद विमान रनवे पर ही रुक गया, जिससे एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हो गया। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का आवागमन बाधित होने के कारण कई फ्लाइट्स को आसमान में होल्ड पर रहना पड़ा।
दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 215 और शारजाह से आने वाली G9 536 को भी लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके अलावा भूटान, दुबई, क्वालालंपुर और ग्वांगझाओ से आने वाली उड़ानों को काठमांडू एयरस्पेस में चक्कर लगाते रहना पड़ा।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जांच में लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट सुरक्षा और विमान रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
