बिलासपुर: करोड़ों की जमीन का सपना दिखाकर बिल्डर से 50 लाख ठगे! रजिस्ट्री से पहले खुला ऐसा राज, उड़ गए होश
खुद को जमीन मालिक का मुख्तियार बताकर की करोड़ों की डील, जांच में सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से जमीन कारोबार से जुड़ी एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जिसने रियल एस्टेट कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। शहर के पॉश लिंक रोड इलाके की करोड़ों रुपये की जमीन बेचने का झांसा देकर एक कथित भूमि कारोबारी ने बिल्डर से 50 लाख रुपये ऐंठ लिए। लेकिन जब रजिस्ट्री की बारी आई तो ऐसा सच सामने आया कि सबके होश उड़ गए।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक क्रांतिनगर निवासी राजेश हर्जपाल पेशे से बिल्डर हैं। कुछ समय पहले उनकी मुलाकात भारतीय नगर निवासी प्रफुल्ल झा से हुई थी। आरोपी ने खुद को नागपुर निवासी कृष्णा दुआ की जमीन का अधिकृत देखरेखकर्ता बताते हुए लिंक रोड स्थित खासरा नंबर 616/2 की करीब 2600 वर्गफीट जमीन बेचने की पेशकश की।
यह जमीन शहर के सबसे महंगे इलाकों में गिनी जाती है और सीएमडी चौक से अग्रसेन चौक के बीच स्थित है। आरोपी ने दावा किया कि जमीन की असली मालकिन वृद्ध महिला हैं और नागपुर में रहती हैं, इसलिए उन्होंने उसे पावर ऑफ अटॉर्नी देकर जमीन बेचने का अधिकार दिया है।
आरोपी की बातों में आकर बिल्डर राजेश हर्जपाल ने 19 हजार रुपये प्रति वर्गफीट के हिसाब से करीब 4.94 करोड़ रुपये में सौदा तय कर लिया। डील फाइनल होने के बाद बिल्डर ने आरोपी को 50 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए। इनमें 20 लाख रुपये नकद और 30 लाख रुपये चेक के जरिए दिए गए।
लेकिन समय बीतने के बाद भी जब रजिस्ट्री नहीं हुई, तो बिल्डर को शक हुआ। दस्तावेजों की जांच कराई गई तो बड़ा खुलासा हुआ। पता चला कि कृष्णा दुआ ने प्रफुल्ल झा को सिर्फ जमीन की देखरेख का अधिकार दिया था, बिक्री का नहीं।
इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया कि उक्त जमीन को लेकर पहले से कोर्ट में सिविल मामला लंबित है। इसके बावजूद आरोपी ने खुद को अधिकृत प्रतिनिधि बताकर करोड़ों की डील कर डाली।
जब पीड़ित बिल्डर ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने 5-5 लाख रुपये के दो चेक दिए। लेकिन बैंक में जमा करने पर दोनों चेक बाउंस हो गए, क्योंकि खाते में पर्याप्त रकम ही नहीं थी।
इसके बाद मामला सीधे पुलिस तक पहुंचा। सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस ने माना है कि आरोपी ने खरीदार और असली जमीन मालिक दोनों को अंधेरे में रखकर पूरा खेल रचा।
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

