उत्तर प्रदेश: पत्नी के आरोपों से टूटा इंजीनियर… पेड़ पर लटका मिला शव, मौत से पहले VIDEO में बोला- अब जीने की हिम्मत नहीं बची

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पत्नी से चल रहे विवाद और कोर्ट केसों से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मौत से पहले युवक ने वीडियो बनाकर जो बातें कही, उसे सुनकर परिवार ही नहीं बल्कि पुलिस भी सन्न रह गई। युवक बार-बार यही कहता रहा कि “यह मेरे मरने का समय नहीं था, लेकिन मैं टूट चुका हूं।”
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के वेलवा पलकधारी गांव निवासी प्रद्युम्न कुमार यादव (33) मध्यप्रदेश की एक निजी कंपनी में इंजीनियर था। बताया जा रहा है कि उसका शव गोरखपुर में बुढ़िया माता मंदिर के पास एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के भाई राघवेंद्र यादव ने बताया कि प्रद्युम्न की शादी 2 जून 2017 को अर्पिता यादव से हुई थी। शुरुआती दिनों में सबकुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। परिवार ने कई बार समझाने की कोशिश की, मगर विवाद बढ़ता गया और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। दोनों की एक 5 साल की बेटी भी है, जो फिलहाल मां के साथ रहती है।
परिजनों के अनुसार, पत्नी ने प्रद्युम्न पर दहेज उत्पीड़न और भरण-पोषण का केस दर्ज कराया था। मामला पारिवारिक न्यायालय पडरौना में चल रहा था। बताया जा रहा है कि केस की तारीखों के कारण प्रद्युम्न को बार-बार नौकरी से छुट्टी लेकर आना पड़ता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। 12 मई को भी कोर्ट में सुनवाई हुई थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ और अगली तारीख 21 जुलाई तय की गई थी।
सबसे दर्दनाक बात वह वीडियो है, जो प्रद्युम्न ने मौत से पहले रिकॉर्ड किया। वीडियो में उसने कहा कि वह जिंदगी से हार चुका है और उसकी मौत के पीछे सबसे बड़ी वजह पत्नी द्वारा किया गया उत्पीड़न है। उसने आरोप लगाया कि उस पर झूठे दहेज केस लगाए गए, जिससे वह अंदर से पूरी तरह टूट गया। युवक ने अपने भाई से यह भी कहा कि माता-पिता को कभी यह महसूस मत होने देना कि उनका एक बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।


