पत्नी को कुल्हाड़ी से मारने के बाद दूसरे शिकार की तलाश में निकला पति! थाने पहुंचकर बोला- अति का अंत कर दिया

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने ऐसा खुलासा किया कि कुछ देर के लिए खुद पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।
घटना पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरहामुडा पोटापानी की है। आरोपी रमाशंकर ने पुलिस से कहा कि उसने “अति का अंत कर दिया”। इतना ही नहीं, उसने यह भी बताया कि जिस व्यक्ति पर उसे पत्नी से संबंध होने का शक था, उसे मारने भी गया था, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
शुरुआत में पुलिस को उसकी बातें मजाक लगीं, लेकिन जब आरोपी ने विस्तार से पूरी घटना बताई तो पुलिस तुरंत उसे लेकर गांव पहुंची। वहां घर पर ताला लगा हुआ था। बाद में बच्चे से चाबी मंगाकर दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए। घर के भीतर पूर्णिमा यादव (30) का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, रमाशंकर मजदूरी करता था, जबकि उसकी पत्नी पूर्णिमा घरों और दुकानों में झाड़ू-पोछा का काम करती थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से पूर्णिमा पिछले तीन महीनों से अपने मायके ग्राम मुनगाडीह में रह रही थी। गुरुवार को वह स्कूटी से अपने ससुराल पहुंची थी, जहां दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि गुस्से में रमाशंकर ने पहले बच्चों को बहाने से घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में पूर्णिमा की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने घर में ताला लगाया और बेटे को चाबी देकर कहा कि वह जंगल जा रहा है। लेकिन जंगल जाने के बजाय वह सीधे पाली थाना पहुंच गया और खुद अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी रमाशंकर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
