कांकेर: जंगल में छिपा था मौत का जखीरा! सुरक्षा बल पहुंचे तो मिला IED, पेट्रोल बम और भारी विस्फोटक

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा से बड़ी खबर सामने आई है। घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए गए विस्फोटक डम्प का पता लगाया है। सर्चिंग के दौरान जवानों को ऐसी खतरनाक सामग्री मिली, जिसे देखकर पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। मौके से IED, पेट्रोल बम और भारी मात्रा में विस्फोटक सामान बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई थाना कोयलीबेड़ा पुलिस, डीआरजी और Border Security Force की संयुक्त टीम ने की। अभियान बस्तर रेंज के आईजी के मार्गदर्शन और बीएसएफ डीआईजी व कांकेर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, डोमांज, आमाकोल और गट्टाकाल के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में लगातार सर्चिंग के दौरान जवानों को संदिग्ध सामान दिखाई दिया। जांच करने पर यहां नक्सलियों का बड़ा डम्प मिला। बरामद सामग्री में 50 बीजीएल सेल, 2 प्रेशर कुकर IED, 2 पाइप IED, पेट्रोल बम, बिजली वायर और कॉर्डेक्स वायर शामिल हैं।
सुरक्षा बलों ने मौके पर ही लगभग 5 किलो और 3 किलो वजनी प्रेशर कुकर IED बरामद किए। इनमें से एक IED को मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत तत्काल निष्क्रिय कर दिया गया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।
अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों ने यह विस्फोटक सामग्री सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए छिपाकर रखी थी। समय रहते डम्प मिलने से एक बड़ी वारदात टल गई। फिलहाल पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है और जंगलों में अन्य संदिग्ध ठिकानों की तलाश जारी है।

